Trending

एक साप्ताहिक पत्र ने कैसी रखी हिंदी पत्रकारिता के विशाल जगत की नींव ?

हिंदी पत्रकारिता का इतिहास केवल पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन का इतिहास नहीं अपितु यह समाज की चेतना, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास की कहानी भी है। आज जब हम डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और 24×7 समाचार चैनलों के दौर में जी रहे हैं, तब यह याद करना आवश्यक है कि हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत कितनी कठिन परिस्थितियों में हुई थी।

उन्नीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक वर्षों में भारत में मुद्रण उद्योग अपने शुरुआती चरण में था। उस समय कलकत्ता यानि ब्रिटिश भारत की राजधानी , बौद्धिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र था । वहाँ अंग्रेजी, बंगाली और फारसी भाषाओं के समाचार पत्र प्रकाशित हो रहे थे। लेकिन हिंदी भाषी समाज के लिए कोई समाचार पत्र उपलब्ध नहीं था। ऐसे समय में एक दूरदर्शी और साहसी व्यक्तित्व ने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखने का संकल्प लिया।

उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी पंडित जुगल किशोर शुक्ल पेशे से वकील थे और कलकत्ता की सदर दीवानी अदालत में ‘प्रोसीडिंग्स रीडर’ के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने हिंदी भाषी लोगों तक समाचार और विचार पहुँचाने की आवश्यकता को समझा।

इसके बाद 30 मई 1826 को कलकत्ता से उन्होंने हिंदी के प्रथम समाचार पत्र “उदन्त मार्त्तण्ड” का प्रकाशन शुरू किया। यह एक साप्ताहिक पत्र था। इसकी भाषा खड़ी बोली और ब्रजभाषा का सुंदर मिश्रण थी, जिससे यह व्यापक हिंदी पाठक वर्ग तक पहुँच सका।

उस समय पत्र-पत्रिकाएं निकालना इस युग की तरह आसान नहीं था। न‌ तो अत्याधुनिक प्रिंटिंग मशीनें थीं और न ही डिजिटल टेक्नोलॉजी। यह प्रक्रिया श्रमसाध्य, समय लेने वाली और खर्चीली थी। फिर भी पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने इन चुनौतियों का सामना करते हुए हिंदी पत्रकारिता की मशाल प्रज्वलित की।

आज लगभग दो शताब्दियों बाद पत्रकारिता का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। इंटरनेट, मोबाइल फोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा आधारित तकनीकों ने मीडिया उद्योग को अभूतपूर्व विस्तार दिया है। जो यात्रा एक छोटे से साप्ताहिक पत्र से शुरू हुई थी, वह आज विशाल मीडिया नेटवर्क, डिजिटल प्लेटफॉर्म और वैश्विक सूचना तंत्र का रूप ले चुकी है।

Back to top button